पिता की हैवानियत से दहला गरियाबंद : 6 साल की बेटी के गले पर चलाया चाकू, फिर खुद को भी किया लहूलुहान


गरियाबंद। गरियाबंद में एक दिल दहला देने वाली घटना से सनसनी फैल गई है। मैनपुर थाना क्षेत्र के कामेपुर ग्राम में एक पिता ने अपनी ही 6 साल की बेटी पर चाकू से प्राणघातक हमला किया। इसके बाद खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद पिता और बेटी दोनों की हालत गंभीर है और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना घर के आंगन में हुई, जहां परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। आरोपी पिता महेंद्र नेताम (उम्र 36 साल) ने पास में ही रखे एक सब्जी काटने के चाकू से बेटी की गर्दन पर वार किया। बेटी की चीख सुनकर उसकी मां तुरंत पहुंची और बीच-बचाव किया। इस दौरान बेटी को गर्दन के बाहरी हिस्से पर चोट आई, जबकि महेंद्र ने खुद के गले को भी चाकू से रेतने की कोशिश की। इस दौरान परिवार ने किसी तरह चाकू छीनकर दोनों को तुरंत गरियाबंद के जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टर हरीश चौहान ने बताया कि बेटी की हालत स्थिर है और घाव ऊपरी सतह तक सीमित हैं। पिता के गर्दन में तेज धार का घाव अंदर तक गया था, जिससे खून बह गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर मेकाहार रेफर किया गया। घटना की सूचना गरियाबंद पुलिस ने मैनपुर थाना को दी। मैनपुर पुलिस ने मामले में तुरंत जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि महेंद्र की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से बिगड़ी हुई थी और आज की यह घटना उसी का परिणाम है।
पुलिस ने कहा कि मामले की पूरी पड़ताल की जा रही है और आगे की कार्रवाई के लिए मानसिक स्थिति का विवरण भी लिया जाएगा।











