सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड निवेशकों के लिए खुशखबरी, समय से पहले रिडेम्पशन पर मिलेगा बड़ा मुनाफा

भारतीय रिजर्व बैंक ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) 2020-21 की सीरीज VI और सीरीज XII के लिए समय से पहले रिडेम्पशन की कीमत तय कर दी है। दोनों सीरीज के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन मूल्य 16,063 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित किया गया है, जिससे निवेशकों को अच्छा खासा लाभ मिलने वाला है।

सीरीज VI का प्रीमैच्योर रिडेम्पशन 7 मार्च 2026 को किया जाएगा। 8 मार्च को अवकाश होने के कारण यह प्रक्रिया एक दिन पहले पूरी की जा रही है। वहीं सीरीज XII का रिडेम्पशन 9 मार्च 2026 को होगा। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करने वाले निवेशकों को नियमों के अनुसार बॉन्ड जारी होने के पांच साल बाद समय से पहले इसे भुनाने की सुविधा मिलती है। यह विकल्प ब्याज भुगतान की तारीख पर उपलब्ध होता है।

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2020-21 सीरीज VI जब जारी हुआ था, तब इसकी कीमत ऑफलाइन निवेशकों के लिए 5,117 रुपये प्रति ग्राम थी। ऑनलाइन आवेदन करने वाले निवेशकों को 50 रुपये की छूट दी गई थी और उन्हें यह बॉन्ड 5,067 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से मिला था। मौजूदा रिडेम्पशन मूल्य के आधार पर ऑनलाइन निवेश करने वालों को प्रति यूनिट करीब 10,996 रुपये का फायदा हो रहा है, जो लगभग 217 प्रतिशत रिटर्न के बराबर है।

इसी तरह सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड 2020-21 सीरीज XII ऑफलाइन निवेशकों को 4,662 रुपये प्रति ग्राम और ऑनलाइन निवेशकों को 4,612 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से जारी किया गया था। मौजूदा रिडेम्पशन मूल्य के अनुसार निवेशकों को प्रति यूनिट करीब 11,451 रुपये का फायदा हो रहा है, जो लगभग 248 प्रतिशत रिटर्न के बराबर माना जा रहा है।

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड सरकार द्वारा जारी किया जाने वाला एक निवेश विकल्प है, जिसमें निवेश सोने के ग्राम के आधार पर किया जाता है। इसमें निवेशकों को वास्तविक सोना खरीदने की जरूरत नहीं होती। निवेशक शुरुआत में पैसा निवेश करते हैं और मैच्योरिटी के समय उन्हें नकद भुगतान मिलता है।

इन बॉन्ड पर निवेशकों को हर साल 2.5 प्रतिशत की दर से तय ब्याज भी मिलता है। यह ब्याज निवेश की मूल राशि पर दिया जाता है और हर छह महीने में सीधे निवेशक के बैंक खाते में भेजा जाता है। मैच्योरिटी के समय आखिरी ब्याज के साथ मूल राशि भी वापस कर दी जाती है।

जब कोई निवेशक सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड खरीदता है, तो उसे उसी दिन होल्डिंग सर्टिफिकेट जारी किया जाता है। यह सर्टिफिकेट बैंक, पोस्ट ऑफिस, स्टॉक एक्सचेंज या अधिकृत एजेंट के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन के दौरान ईमेल आईडी देने पर यह सर्टिफिकेट सीधे ईमेल के जरिए भी भेजा जा सकता है।

close