उज्जैन शाही मस्जिद विवाद, कोर्ट के फैसले के बाद आज हटाया जाएगा दुकानों का सामान


उज्जैन में सिंहस्थ को लेकर चौड़ीकरण करने का काम जोर शोर से किया जा रहा है। कई जगह तोड़ फोड़ कर रोड चौड़ी कर दी गई है। वहीं कुछ जगह का काम बाकी है। किसी कड़ी में कंठाल से गोपाल मंदिर तक की रोड भी चौड़ी की जाने वाली है।
इस मार्ग के चौड़ीकरण के बीच में शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा आ रहा है। जिसकी वजह से पिछले तीन दिनों में काफी बवाल देखने को मिला। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया की नौबत पथराव, लाठी चार्ज और आंसू गैस के गोले तक पहुंच गई। इतना कुछ होने के बाद भी मस्जिद पर होने वाली कार्रवाई आज भी जारी रहेगी।
आज हटेगा दुकानों का सामान
बीते दिन पुलिस प्रशासन साथ हुई मुस्लिम समुदाय के लोगों की झड़प के बाद मस्जिद तोड़ने का काम खुद ही समाज के लोगों ने शुरू कर दिया था। आज भी पुलिस की निगरानी में मस्जिद के नीचे बनी हुई दुकानों का सामान हटाया जाएगा। इसके बाद इस हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
याचिका फिर हुई खारिज
शाही मस्जिद को ना तोड़े जाने के लिए मस्जिद कमेटी द्वारा हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई थी। जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद कमेटी ने एक बार फिर याचिका लगाई थी। सोमवार को हुई सुनवाई के बाद इसे एक बार फिर खारिज कर दिया गया।
जगह देने पर बनी सहमति
बता दें कि जिला प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच हुई बातचीत में 3 फीट जगह देने पर सहमति बन गई थी। मस्जिद कमेटी के अधिवक्ता कुलदीप पाठक ने बताया कि चौड़ीकरण के लिए 3 फीट जगह देने और दुकान हटाने पर सहमति बनी है। इसी के साथ बड़ी मीनार को दूसरी तरफ शिफ्ट किया जाएगा वही जो दुकानदार प्रभावित हो रहे हैं उन्हें दूसरी जगह उपलब्ध करवाई जाएगी।











