लॉकडाउन को लेकर सरकार का बड़ा बयान सामने आया

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा। उन्होंने संसद के बाहर कहा- हालात काबू में हैं। पीएम मोदी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
दरअसल पीएम ने लोकसभा में चार दिन पहले कहा था- आने वाला समय देश की सबसे बड़ी परीक्षा लेने वाला है। टीम इंडिया की तरह काम करना होगा। इसमें राज्यों का सहयोग जरूरी है।
पीएम ने कहा था कि इस युद्ध के कारण दुनिया में जो कठिन हालात बने हैं, उनका प्रभाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका है। इसलिए हमें तैयार रहना होगा। हम कोरोना के समय भी एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। प्रधानमंत्री आज शाम सभी मुख्यमंत्रियों से बात भी करने वाले हैं।
लॉकडाउन के सवाल पर रिजिजू ने कहा –
पीएम ने अपनी पूरी टीम को काम पर लगाया है ताकि आम जनता को कोई तकलीफ न हो। ऑल पार्टी मीटिंग में विपक्ष ने पीएम की सराहना की और कहा कि इतने बड़े संकट में सरकार ने सही कदम उठाए हैं। सरकार के हर फैसले में विपक्षी दल साथ देंगे।
सवाल: क्या देश में लॉकडाउन लगने वाला है?
जवाब: नहीं, नहीं, ये सब कौन अफवाह उड़ा रहा है। पीएम ने साफ तौर पर कहा था कि पैनिक नहीं होना है। जमाखोरियों को चेतावनी दी है। राज्य सरकारों से कहा है कि कोई भी होर्डिंग न करे। भारत सरकार के कंट्रोल में पूरी स्थिति है। आम लोगों को तकलीफ न हो इसके लिए टॉप लेवल से लेकर नीचे लेवल तक यहां तक कि पीएम खुद मॉनीटर कर रहे हैं।
हरदीप पुरी ने एक्स पर ट्वीट कर कहा –
लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में जरूरी है कि हम सभी शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहें। कहा कि इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है।
मंत्री पुरी ने कहा कि वैश्विक स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है। हम ऊर्जा, सप्लाई चेन और जरूरी वस्तुओं से जुड़े हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। देश में ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक चीज़ों की आपूर्ति बिना किसी रुकावट के जारी रहे। हर संभावित चुनौती से निपटने के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। कहा कि भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच अपनी मजबूती दिखाई है। आगे भी हम समय पर, सक्रिय और समन्वित तरीके से कदम उठाते रहेंगे।










