गुमला पुलिस ने जेजेएमपी नेटवर्क को दिया बड़ा झटका, इनामी सबजोनल सदस्य समेत चार गिरफ्तार

गुमला
 गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठन के सबजोनल सदस्य रामदेव लोहरा उर्फ काका समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादियों में रामदेव लोहरा के अलावा अरविंद नायक, मुनेश्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा शामिल हैं। रामदेव लोहरा पर झारखंड पुलिस की ओर से पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है।

पुलिस ने इनके पास से हथियार समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी हारिस बिन जमां ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जेजेएमपी से जुड़े कुछ उग्रवादी लातेहार से गुमला पहुंचे हैं और जिले में संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसके बाद डुमरी थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार रामदेव लोहरा जेजेएमपी के सबजोनल स्तर पर सक्रिय था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है।

अन्य गिरफ्तार आरोपियों की भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका बतायी जा रही है। पुलिस इनसे पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क और जिले में उनकी गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटा रही है। बताया गया कि जेजेएमपी सुप्रीमो रामदेव उरांव की गिरफ्तारी के बाद संगठन के सदस्य गुमला में अपनी गतिविधियों को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे।

इसी क्रम में गिरफ्तार आरोपी जिले में पहुंचे थे। पुलिस को समय रहते इसकी जानकारी मिल गई, जिसके बाद कार्रवाई की गयी। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान  कई हथियार सहित अन्य सामान बरामद किया है। बरामद सामान की विस्तृत जानकारी एसपी ने प्रेस वार्ता में दी। पुलिस अब संगठन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसपी ने कहा कि उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को गुमला पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। चार उग्रवादियों की गिरफ्तारी से जिले में जेजेएमपी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संगठन के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।

हथियार समेत अन्य सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार व अन्य सामान बरामद किया है। बरामदगी में एक एके-56 राइफल व दो मैगजीन, एक एसएलआर राइफल व मैगजीन, एक सेमी-ऑटोमेटिक राइफल, एक 7.65 एमएम पिस्टल और एक देसी कट्टा शामिल है।

इसके अलावा विभिन्न हथियारों के कुल 146 जिंदा राउंड, एक वॉकी-टॉकी, नौ मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल, प्रतिबंधित जेजेएमपी/नक्सली पर्चे और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com