सूरजपुर में दिल दहला देने वाला हादसा: जरही में ट्रेलर ने रौंदी बाइक, कॉलरी कर्मी की मौत; साथी गंभीर घायल

सूरजपुर: नगर पंचायत जरही क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. अंबिकापुर–बनारस मुख्य मार्ग पर भारत माता चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में कॉलरी कर्मी समित लाल (लगभग 55 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी की जंग लड़ रहा है.
पुलिस के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 10 BN 9910 सिंगरौली से माल खाली कर लौट रहा था. इसी दौरान बाइक क्रमांक CG 15 DE 2685 ट्रेलर की चपेट में आ गई. मृतक समित लाल शिवानी खदान में कार्यरत थे और ड्यूटी के सिलसिले में अपने साथी के साथ जरही की ओर आ रहे थे. सुबह करीब 8:30 बजे हुए इस हादसे ने वहां मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक दूर जा गिरी और दोनों सवार सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान समित लाल ने दम तोड़ दिया. दूसरे घायल की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखने को मिला.
स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह बताया. कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर नियंत्रित किया.
यह दुर्घटना एक बार फिर यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की निगरानी पर सवाल खड़े करती है. जरही क्षेत्र में लगातार बढ़ते सड़क हादसे लोगों की चिंता का कारण बनते जा रहे हैं. यदि प्रशासन ने समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए, तो रफ्तार का यह कहर और कितने घरों के चिराग बुझाएगा- यह सवाल अब हर किसी की जुबान पर है.











