दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश, मौसम हुआ सुहाना; जानिए आज के मौसम का हाल

दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई है. झमाझम बारिश से भीषण गर्मी के बीच मौसम सुहाना हो गया है. बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था.
दिल्ली में शुक्रवार को दिन में भी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह जून का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा. वहीं, आईएमडी ने शनिवार (आज) तक गरज-चमक, बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है.
बिजली गिरने की आशंका
आईएमडी ने बताया कि इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं कई स्थानों पर बिजली गिरने का भी अनुमान जताया गया है. साथ ही खराब मौसम को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर इमारतों से दूर रहने की सलाह जारी की गई है.
आज कैसा रहेगा राजधानी का मौसम?
‘स्काईमेट’ में मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसका असर दिल्ली के मौसम पर बना रहेगा. उन्होंने कहा कि दिल्ली में आज गरज-चमक, धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है. अगले दिन भी मौसम की यही स्थिति रह सकती हैं. तापमान बढ़ने के साथ कुछ असहजता हो सकती है, लेकिन आर्द्रता का स्तर भी बढ़ेगा.
पलावत ने बताया कि गुरुवार को आए तूफान के दौरान हवा की गति आमतौर पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही और कुछ स्थानों पर यह लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों के बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान फिर से बढ़ेगा.
आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट
आईएमडी ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बारिश से राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ. शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 74 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में रहा. एक दिन पहले यह 73 था.











