मोबाइल पर बात करते-करते हुआ खौफनाक एक्सीडेंट! श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो ट्रेलर में जा फंसी

मैहर : जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे–30 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया.तेज रफ्तार बोलेरो वाहन एक खड़े ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें सवार छह श्रद्धालु घायल हो गए. यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे ककरा गांव के पास हुई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो ट्रेलर में फंसकर लगभग 50 मीटर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और हाईवे एंबुलेंस 1033 मौके पर पहुंची.सभी घायलों को अमरपाटन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया.इनमें से चार श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आने पर इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. वहीं छातीलाल पटेल और संजना पटेल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
पुलिस के अनुसार बोलेरो में सवार सभी लोग रीवा से मैहर स्थित मां शारदा देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बोलेरो चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हो गया.
अमरपाटन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर और बोलेरो को सड़क से हटवाया, यातायात बहाल कराया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की बात कही है.
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के खतरों की याद दिलाता है.प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और मोबाइल का उपयोग न करें.











