इकलौते इश्क का खौफनाक अंत: प्रेमिका के घर के बाहर प्रेमी ने खुद को मारी गोली

बकेवर : इटावा जनपद इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्लूपुरा में मंगलवार रात प्रेम प्रसंग का एक दिल दहला देने वाला अंत सामने आया.मैनपुरी जनपद के करहल निवासी 45 वर्षीय अनिल कुमार ने अपनी प्रेमिका के घर के बाहर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली.घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनिल कुमार देर रात अपनी प्रेमिका लक्ष्मी के घर पहुंचा था.जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो वह मानसिक रूप से टूट गया.इसी दौरान उसने प्रेमिका के मुख्य द्वार पर ही तमंचा कनपटी से सटाकर गोली चला दी.गोली की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अनिल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.इसके साथ ही एएसपी ग्रामीण तथा फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से तमंचा भी बरामद कर लिया गया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अनिल कुमार का अपनी सगी सलहज, यानी साले की पत्नी लक्ष्मी के साथ बीते करीब 12 वर्षों से प्रेम संबंध था.दो वर्ष पूर्व अनिल की पत्नी की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद वह लक्ष्मी को अपने साथ रखने की जिद पर अड़ा हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था.
ग्रामीणों का कहना है कि अनिल पहले भी लक्ष्मी को भगाकर दिल्ली ले गया था, हालांकि आपसी विवाद के चलते लक्ष्मी कुछ समय बाद वापस गांव लौट आई थी। करीब तीन महीने पहले भी इसी मामले को लेकर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था.
रात लक्ष्मी द्वारा दरवाजा न खोले जाने से आहत होकर अनिल ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी है.











