कमरे में खौफनाक मंजर: गला रेतकर तीन की मौत, खून से लथपथ शव मिलने से दहला फतेहपुर

फतेहपुर: सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा मोहल्ले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. घर के अंदर बंद कमरे में तीन लोगों के गला कटे शव मिलने से सनसनी फैल गई. कमरे के भीतर खून से लथपथ पड़े शवों को देखकर लोगों की रूह कांप गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार, चौफेरवा निवासी सुनील उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव (55), उनकी भाभी सुशीला (55) और भतीजा अमर (28) घर के अंदर मौजूद थे. बताया जा रहा है कि घर का मुख्य गेट अंदर से बंद था. जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला और फोन कॉल का भी कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों को शक हुआ.

बताया जाता है कि घर में गैस सिलेंडर खत्म होने पर परिवार के मुखिया सुशील कुमार श्रीवास्तव सिलेंडर लेने के लिए अपनी बेटी के घर गए थे. इस दौरान बेटी ने मां और भाई को फोन किया लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया और मां का फोन भी स्विच ऑफ मिला. आशंका होने पर पिता और बेटी घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा बंद मिला. कई बार खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसी के घर से कूदकर अंदर पहुंचे, जहां बंद कमरे में तीनों खून से लथपथ पड़े मिले.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर तीनों को बाहर निकाला. सुनील में सांस चलने की आशंका पर उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम को कमरे के अंदर ब्लेड का बॉक्स और सल्फास की पुड़िया बरामद हुई है. तीनों के गले कटे हुए थे और दो लोगों के हाथों में भी धारदार हथियार से कटने के निशान पाए गए हैं.

घटना को लेकर एडिशनल एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का प्रतीत होता है. आशंका जताई जा रही है कि आपसी विवाद में तीनों ने एक-दूसरे पर ब्लेड से हमला किया और अंत में बचे व्यक्ति ने सल्फास खाकर खुद को घायल कर लिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई. हालांकि घटना की असली वजह का खुलासा फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.

close