अमेठी में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराईं दो बाइक, बच्ची समेत 3 की मौत; 4 गंभीर

अमेठी: अमेठी में भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां सामने से आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में दो बाइक सवार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गए. हादसे में बाइक सवार सात लोग गंभीर रूपसे घायल हो गए. आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए फुरसतगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एक बच्ची समेत तीन को मृत घोषित कर दिया. जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में बिधिक कार्रवाई करने में जुटी हुई है.
दरअसल ये पूरा मामला फुरसतगंज बांदा-टांडा हाईवे पर सोमवार देर शाम निगोहा के पास का है. जहां देर शाम सड़क किनारे खड़े ट्रक से दो बाइकें टकरा गई. हादसे में जायस के गांधीनगर निवासी अतुल (35), उनकी छह वर्षीय बेटी दिशा और फरदीपुर परवर गांव के हीरालाल की मौत हो गई. गंभीर रूप से चार घायल लोगों को सीएचसी से जिला अस्पताल रायबरेली भेजा गया.
ओदारी गांव निवासी सत्यनाराण के मुताबिक, उनके रिश्तेदार अतुल अपनी पत्नी रानी और बेटी दिशा के साथ बाइक से रायबरेली के मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदीराम गांव जा रहे थे. दूसरी बाइक पर अतुल के रिश्तेदार फरदीपुर परवर निवासी हीरालाल अपनी बेटी पल्लवी (18), रिश्तेदार शिवानी (18) और संदीराम निवासी माही (12) के साथ जा रहे थे. निगोहा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में खड़े ट्रक से दोनों बाइक टकरा गईं.
टक्कर इतनी तेज हुई कि सातों लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े. सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज पहुंचाया. डॉक्टर ने जांच के बाद अतुल, उनकी बेटी दिशा और हीरालाल को मृत घोषित कर दिया. वहीं रानी, पल्लवी, शिवानी और माही की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रायबरेली भेज दिया गया. सीओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है. घायलों का उपचार जिला अस्पताल रायबरेली में चल रहा है. तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.