धमतरी में भीषण सड़क हादसा: 3 CRPF जवानों समेत चार की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन CRPF जवानों और एक कार चालक की मौत हो गई. यह दुर्घटना खपरी बाईपास के पास घटित हुई, जहाँ जवानों का वाहन एक अन्य कार से टकरा गया. हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

जगदलपुर से रायपुर जा रहे थे जवान

​आधिकारिक जानकारी के अनुसार, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान अपने वाहन से जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे. खपरी रोड पर उनके वाहन की टक्कर विपरीत दिशा से आ रही एक कार से हो गई. इस भिड़ंत में तीन जवान और कार चालक की जान चली गई.​

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. पुलिस और राहत दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला. तीन जवानों और ड्राइवर की मौके पर या अस्पताल जाते समय मौत हो गई, जबकि एक जवान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

अस्पताल ले जाते समय दो ने तोड़ा दम

​सिविल सर्जन अभिषेक टोंडर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, हमें सूचना मिली थी कि खपरी रोड के पास CRPF जवानों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. हादसे में कुल चार लोगों की मृत्यु हुई है. दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. एक घायल व्यक्ति का वर्तमान में अस्पताल में उपचार चल रहा है. मृतकों की पहचान जवान मुकेश कुमार, सौरभ तोमर, राजकुमार गोंड (या गौड़) और ड्राइवर हीरालाल नागर के रूप में हुई है.

जांच में जुटी पुलिस

​हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

close