शिवपुरी में भीषण सड़क हादसा, पिता-पुत्री और कार चालक की मौत, एक युवक गंभीर घायल

मध्य प्रदेश के Shivpuri district में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पिछोर थाना क्षेत्र में नए चौराहा मार्ग पर ग्राम श्रीनगर के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, 11वीं कक्षा की छात्रा प्रियंका लोधी अपने पिता रहम सिंह लोधी के साथ शासकीय कन्या विद्यालय, पिछोर से एडमिट कार्ड लेकर गांव निदानपुर लौट रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित हो गई और पास से गुजर रही एक स्कूटी से भी जा भिड़ी। स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया है।

हादसे में कार चालक राहुल लोधी की भी जान चली गई। वह तिनधारी गांव, थाना भौंती का निवासी बताया गया है।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

close