रीवा-सीधी मार्ग पर ग्रामीणों का भारी हंगामा, अतिक्रमण की कार्रवाई के विरोध में चक्काजाम

रीवा: जिले के गुड़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरास में हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन द्वारा की जा रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई ने अब उग्र रूप ले लिया है. आज 23 फरवरी की सुबह 10 बजे से इस कार्रवाई के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 39 (रीवा-सीधी मार्ग) के महासाव में चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं.

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा “दोतरफा” और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार, शासकीय तालाब के समीप लगभग दो दर्जन से अधिक लोगों ने झोपड़ियां बनाकर अपना बसेरा कर रखा है. उनका दावा है कि प्रशासन ने कुछ रसूखदार या चयनित लोगों को तो मकान आवंटित कर दिए हैं, जबकि अन्य निर्धन परिवारों को बेदखल करने के लिए नजरअंदाज किया जा रहा है.

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम पिछले तीन दिनों से निरंतर चल रही है. कार्रवाई से नाराज हजारों की संख्या में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. मौके की नजाकत को देखते हुए एसडीएम और भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण अधिकारियों की किसी भी बात को सुनने को तैयार नहीं थे.

हाइवे पर चक्काजाम होने के कारण रीवा और सीधी के बीच का संपर्क कट गया. यात्री बसों और ट्रकों के फंसे होने के कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close