यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद हटाए गए IG रतनलाल डांगी, PHQ अटैच कर सौंपी गई नई जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ में यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बाद सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ पुलिस अकादमी चंदखुरी में पदस्थ IG रतनलाल डांगी को उनके पद से हटा दिया गया है। अब उन्हें पुलिस मुख्यालय (PHQ) में अटैच किया गया है। वहीं, उनकी जगह सीनियर आईपीएस अधिकारी अजय यादव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने इसके आदेश जारी किए हैं।
दरअसल, एक SI की पत्नी ने IG डांगी पर यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। शिकायत पुलिस मुख्यालय में 15 अक्टूबर 2025 को दर्ज कराई गई थी। महिला का कहना है कि उसकी मुलाकात 2017 में कोरबा में हुई थी, जब डांगी वहां एसपी के पद पर तैनात थे। आरोप है कि उन्होंने तब से लेकर अब तक उसे प्रताड़ित किया। शिकायत के अनुसार, डांगी उसे वीडियो कॉल पर सुबह से देर रात तक संपर्क में रहने का दबाव बनाते थे और न आने पर ट्रांसफर की धमकी देते थे।
वहीं, IPS रतनलाल डांगी ने इन आरोपों को झूठा और साजिश बताया है। उनका कहना है कि महिला उन्हें बदनाम करने और ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रही है। डांगी ने कहा कि उन्होंने इस मामले में पहले ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया था।
इस मामले की जांच पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में IG आनंद छाबड़ा कर रहे हैं। जांच दल में महिला अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। पहले पीड़िता का बयान दर्ज होगा और फिर IPS डांगी से पूछताछ की जाएगी।
विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद गृह विभाग ने कार्रवाई करते हुए डांगी को हटाकर PHQ अटैच कर दिया। अब अजय यादव चंदखुरी पुलिस अकादमी के नए निदेशक के रूप में कार्यभार संभालेंगे।











