मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष का असर: दिल्ली एयरपोर्ट पर 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी


दिल्ली। मध्य पूर्व में अमेरिका और इज़राइल की सैन्य कार्रवाई के तेज होने तथा कई देशों के हवाई क्षेत्र में लगाए गए प्रतिबंधों का सीधा प्रभाव दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआई) पर देखने को मिला है। उड़ान संचालन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
अब तक कुल 87 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें
37 प्रस्थान (डिपार्चर)
50 आगमन (अराइवल) शामिल हैं।
यह लगातार तीसरा दिन है जब मिडिल ईस्ट संकट के कारण बड़े पैमाने पर उड़ानों का रद्दीकरण हो रहा है।
कई प्रमुख एयरलाइनों ने संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, कतर और इज़राइल के लिए अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। इससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं और कई लोग एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने ट्रैवल एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच करने की सलाह दी है। हालात सामान्य होने तक और भी उड़ानें रद्द होने की आशंका जताई जा रही है।











