वयम् भारत की खबर का असर: भखारा क्षेत्र में चल रहे ‘मिनी कैसीनो’ पर पुलिस का छापा, 5 जुआरी गिरफ्तार

कुरुद: ग्रामीण इलाकों के खेतों में चल रहे अवैध जुए के बड़े नेटवर्क पर ‘वयम् भारत’ की खबर का जोरदार असर देखने को मिला है. ‘वयम् भारत’ द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित समाचार में उजागर हुए इस ‘मिनी कैसीनो’ के जाल पर संज्ञान लेते हुए धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने ग्राम सिहाद के पास घेराबंदी कर 5 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
’वयम् भारत’ ने किया था खुलासा
बता दें कि बीते दिनों ‘वयम् भारत’ ने “भखारा क्षेत्र में जुए का बड़ा नेटवर्क सक्रिय: रोज उड़ रहे लाखों, पुलिस के हाथ खाली!“ शीर्षक से खुलासा किया था कि कैसे कोसमर्रा, सिहाद और रामपुर जैसे इलाकों के सुनसान खेतों को जुआरियों ने अपना सुरक्षित अड्डा बना लिया है. खबर में इस बात का भी विशेष उल्लेख था कि यहाँ न केवल स्थानीय बल्कि रायपुर जैसे अन्य जिलों से भी लोग दांव लगाने पहुंच रहे हैं और मौके पर ही 10 प्रतिशत ब्याज पर तत्काल फाइनेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है.
खबर के बाद हरकत में आई पुलिस
खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन की नींद टूटी और भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम सिहाद स्थित रेस्ट हाउस के पास दबिश दी. पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर कुछ आरोपी फरार हो गए. हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 5 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की.
पकड़े गए आरोपियों का विवरण-
- होमेश मारकंडे (सिवनीकला, कुरूद)
- यतीश बघेल (डांडेसरा, कुरूद)
- कौशल नारंग (सलौनी, रायपुर)
- चंदु बंजारे (छछानपैरी, रायपुर)
- यादराम साहु (बगतरा, अभनपुर)
नगदी और सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से और जुए के फड़ से कुल 26,000 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त किए हैं. थाना भखारा में आरोपियों के विरुद्ध छ.ग. जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 17/2026 पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है.
’वयम् भारत’ की निष्पक्ष पत्रकारिता का परिणाम है कि आज पुलिस इन अवैध अड्डों तक पहुँचने में सफल रही. हम आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों और सामाजिक बुराइयों को इसी तरह प्रमुखता से उठाते रहेंगे.











