एक्शन में नीमच पुलिस, फिल्मी स्टाइल में किया तस्करों का पीछा, 2 आरोपी गिरफ्तार, 7 क्विंटल डोडाचूरा जब्त


अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत नीमच की जीरन पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे एक पिकअप वाहन का पीछा कर 7 क्विंटल (700 किलोग्राम) अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। तेज रफ्तार में भागने के दौरान तस्करों का वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को पुलिस सहायता केंद्र हर्कियाखाल के सामने फोरलेन मार्ग पर बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान नीमच की तरफ से आ रहे एक पिकअप वाहन (MP-13-GA-9723) को पुलिस टीम ने रोकने की कोशिश की। पुलिस को देख चालक ने वाहन की गति धीमी करने के बजाय अचानक रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेडिंग को टक्कर मारते हुए सड़क के कट से यू-टर्न लेकर वापस नीमच की ओर भाग निकला।
अनियंत्रित होकर पलटी पिकअप, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने तत्काल पिकअप वाहन का पीछा किया। पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने वाहन को जेतपुरा फंटे से मनासा रोड और फिर दुलाखेड़ा मार्ग की ओर दौड़ाया। पुलिस के लगातार पीछा करने के दबाव में चालक ग्राम गिरदौड़ा और रेवली-देवली होते हुए ग्राम पिपलिया नाथावत फंटे की ओर पहुंचा, जहां तेज गति में मोड़ लेने के कारण पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
35 कट्टों में भरा था 700 किलो डोडाचूरा
वाहन के पलटते ही पुलिस बल ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला। हादसे के कारण पिकअप के पिछले हिस्से में रखे डोडाचूरे के कुछ काले कट्टे सड़क पर बिखर गए थे। पुलिस ने वाहन को सीधा करवाकर जब तलाशी ली, तो उसमें से 20-20 किलोग्राम के कुल 35 कट्टे बरामद हुए, जिनमें कुल 700 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा भरा हुआ था। जब्त डोडाचूरे का बाजार मूल्य लगभग 35 लाख रुपये और पिकअप वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
दो सगे भाई गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लालसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत (38 वर्ष) और नरेन्द्रसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत (40 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत (थाना नीमच सिटी) के रूप में बताई। आरोपियों ने कबूल किया कि वाहन में अवैध डोडाचूरा भरा होने से पकड़े जाने के डर के कारण वे नाकाबंदी तोड़कर भागे थे। जीरन थाने में दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 280/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/15 एवं 29 में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े मुख्य सप्लायर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
नीमच से कमलेश सारड़ा की रिपोर्ट











