आष्टा में विधायक पुत्र पर घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने का आरोप, दोनों पक्षों पर केस दर्ज

सीहोर जिले के आष्टा में सत्ताधारी दल से जुड़े दो राजनीतिक पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आष्टा के विधायक के बेटे और जिला पंचायत सदस्य पर आरोप है कि वे देर रात नशे की हालत में पूर्व पार्षद के घर में घुस गए और मारपीट करते हुए धमकियां दीं। मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया है कि आष्टा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के पुत्र और वार्ड 11 से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर पर पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय ने गंभीर आरोप लगाए हैं। बाबूलाल मालवीय के अनुसार देर रात उनके घर के बाहर आहट हुई। उनकी बेटी जब बाहर देखने के लिए निकली तो महेंद्र सिंह इंजीनियर उसके पीछे-पीछे घर के अंदर आ गए और विवाद करते हुए हाथापाई करने लगे।

आरोप है कि इस दौरान घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद आष्टा पुलिस मौके पर पहुंची और महेंद्र सिंह इंजीनियर को पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गई।

दूसरी ओर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह इंजीनियर की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व पार्षद बाबूलाल मालवीय सहित चार लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद घर के अंदर हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। महेंद्र सिंह इंजीनियर का कहना है कि बाबूलाल मालवीय उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं और उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं।

वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर हो रही टिप्पणियों को लेकर महेंद्र सिंह इंजीनियर शुक्रवार रात बाबूलाल मालवीय को समझाने के लिए गए थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

close