बहराइच में तेज रफ्तार एसडीएम लिखी बोलेरो ने मचाया कहर, मासूम समेत कई घायल

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद के पयागपुर क्षेत्र में मंगलवार को शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने टेम्पो और बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक मासूम सहित कई लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए तथा मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो काफी तेज गति से आ रही थी और अचानक अनियंत्रित होकर पहले टेम्पो और फिर बाइक से जा टकराई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. घायलों में अंतिमा (4 वर्ष) पुत्री प्रद्युम्न कुमार दुबे निवासी परागपुरवा मनिकापुर की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है.
वहीं दुखीराम (42 वर्ष) पुत्र रामकैलाश निवासी सोहरियावां भी हादसे में चोटिल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लेकर वाहनों को हटवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय सिंह का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर मौक़े से बोलेरो गाड़ी एवं ड्राइवर को क़ब्ज़े में ले लिया गया है, जबकि घायलों को इलाज के लिए चिकित्सालय भिजवाया गया है.
मामले की जाँच की जा रही है. उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों के मुताबिक, गाड़ी की स्पीड काफी ज्यादा तेज थी जिसके चलते हादसा हुआ.










