उत्तर प्रदेश: बहराइच में तेंदुए ने घर में घुसकर 7 साल के बच्चे को बनाया निवाला, ग्रामीणों में आक्रोश

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत कारीकोट के आजमगढ़ पुरवा गांव में आज शाम 7 बजे एक ग्रामीण के घर में घुसकर तेंदुए ने 7 साल के मासूम को मौत के घाट उतार दिया। घटना से लोगों में गहरा आक्रोश है.

गांव निवासी राम विलास पटवा का 7 वर्षीय बेटा रघुवीर शुक्रवार की शाम को 7 बजे घर के आंगन में खेल रहा था तभी अचानक घर में तेंदुआ घुस गया जो बच्चे पर हमला कर उसे जबड़े में दबोचकर गेंहू के खेत में घुस गया। तभी बच्चे को बचाने के लिए घर व आसपास के लोग हाका लगाते हुए दौड़ पड़े जिसपर तेंदुआ बच्चे को जान से मारकर गेंहू के खेत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया. ग्रामीणों ने बच्चे के क्षतविक्षत शव गन्ने के खेत से बरामद कर उसे तसल्ली के तौर पर पीएचसी सुजौली ले गए लेकिन बच्चा पहले ही दम तोड़ चुका था. बच्चे के गले और गर्दन पर गहरा घाव हुआ है.

बच्चे की मौत से स्थानीय ग्रामीणों में वन कर्मियों के खिलाफ गहरा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि लगातार तेंदुए के हमले बढ़ते जा रहे हैं लेकिन वन विभाग सुरक्षा के कोई कठोर इंतज़ाम नही कर रहा है.

ग्रामीणों ने शव को गांव में ही बीच सड़क पर रखकर धरने पर बैठ गए और सड़क जाम कर दिया। लोग तेंदुए से सुरक्षा की मांग पर अड़े हुए हैं। लोग तेंदुए को पकड़े जाने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि घटना के बाद भी वन कर्मी मौके पर नही पहुच रहे हैं.

close