बहराइच में पत्नी पर गलत नजर रखने पर मार डाला, मक्के के खेत में मिला था शव; आरोपी पति पत्नी गिरफ्तार

बहराइच: जिले के दरगाह थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है. विशनपुर राहु गांव में बड़कऊ नामक व्यक्ति का शव मक्के के खेत में मिला था. उसके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे. मृतक की पत्नी ने गांव के ही जसवंत और उसकी पत्नी नीलम पर हत्या का शक जताया था.

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए थे. इसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी.

इस दौरान शुक्रवार को दरगाह थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह को सूचना मिली कि हत्या में शामिल पति-पत्नी सायफन के पास हैं. उप निरीक्षक भानु प्रताप सिंह, अनूप मणि त्रिपाठी, उमेश चंद्र, आरक्षी सूर्यभान यादव, विवेक यादव और महिला कांस्टेबल शशि पांडे की टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी जसवंत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि मृतक बड़कऊ उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था और कई बार समझाने के बाद भी नहीं माना. इसी बात से नाराज होकर उसने अपनी पत्नी नीलम के साथ मिलकर बड़कऊ को धोखे से मक्के के खेत में बुलाया.

वहां धारदार हथियार और ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद कर ली गई है. गिरफ्तार किए गए दोनों पति-पत्नी को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com