बालोद में मासूम की कब्र से छेड़छाड़, सिर गायब मिलने से सनसनी, तंत्र-मंत्र की आशंका

बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुदबी में एक तीन वर्षीय मासूम की कब्र से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कब्र की खुदाई के निशान मिलने और बच्ची का सिर गायब पाए जाने से गांव में दहशत और आक्रोश फैल गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची की मृत्यु 9 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने उसे गांव के मुक्तिधाम मार्ग के पास दफनाया था। महाशिवरात्रि की रात अज्ञात लोगों द्वारा कब्र खोदने के संकेत मिले। सुबह ग्रामीणों ने जब मिट्टी उखड़ी हुई देखी तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस की मौजूदगी में कब्र की जांच करने पर बच्ची का सिर गायब पाया गया। वहीं कब्र के पास नींबू, चावल और मांस का टुकड़ा सहित कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी मिली हैं, जिससे तंत्र-मंत्र से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है और गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना से पूरे गांव में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।









