गाजीपुर में शादी से पहले खुला प्रेम संबंध का राज, रिश्ता टूटा तो पैसे लौटाने पर दी जान से मारने की धमकी

उत्तर प्रदेश के Ghazipur district में तय शादी टूटने के बाद विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़की पक्ष द्वारा रिश्ता खत्म करने और दिए गए पैसे वापस मांगने पर लड़के पक्ष ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ गांव का है। पीड़ित परिवार ने अपनी भतीजी की शादी मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र निवासी पिंटू कुमार से तय की थी। शादी तय होने के बाद लड़की पक्ष की ओर से करीब 50 हजार रुपये के बर्तन और लगभग ढाई लाख रुपये नकद दिए गए थे।

इसी बीच लड़की के परिवार को जानकारी मिली कि युवक का किसी अन्य युवती से संबंध है। आरोप है कि संबंधित युवती ने फोन कर बताया कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और वह उसी से विवाह करना चाहती है।

यह जानकारी मिलने के बाद लड़की के परिजन युवक के घर पहुंचे और रिश्ता तोड़ते हुए दिए गए सामान और रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर लड़के पक्ष ने सामान लौटाने से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।

डरे सहमे परिजन कासिमाबाद कोतवाली पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक सहित पांच नामजद और करीब दस अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

close