इंदौर में गुंडे की दबंगई, घर में घुसकर महिला से मांगे 5 लाख रुपये, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

इंदौर में हत्या के मामले में जेल से छूटे एक बदमाश ने इलाके में दहशत फैलाते हुए घर में घुसकर एक महिला को धमकाया और पांच लाख रुपये की मांग की। आरोपी ने खुद को हत्या के मामले से छूटा हुआ बताते हुए महिला के भाई से पैसे की व्यवस्था करने को कहा और मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना चंदननगर थाना क्षेत्र के रानी पैलेस इलाके की है। इस मामले में नसीम बी की शिकायत पर सहयोग नगर निवासी सादिक पुत्र गुलफाम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सादिक पहले हत्या के मामले में सजा काट चुका है।

बताया गया कि गुरुवार को सादिक अपने साथियों फैयाज मंसूरी और अज्जू उर्फ बटला के साथ इलाके में पहुंचा और नसीम के घर में घुस गया। उस समय घर में उसकी मां अख्तर बानू, भाभी हीना और भतीजा अयान मौजूद थे। आरोप है कि सादिक ने चाकू लहराते हुए नसीम को धमकाया और कहा कि उसके भाई इमरान से कह देना कि अगर इलाके में धंधा करना है तो पांच लाख रुपये देने होंगे।

आरोपियों ने धमकी देने के साथ महिलाओं के साथ मारपीट भी की। इसके बाद सादिक, फैयाज और अज्जू ने सम्राट नगर निवासी सिद्दीक पठान को भी धमकाया। डर के कारण सिद्दीक कुछ समय के लिए अपने रिश्तेदार के घर चला गया था।

जब वह वापस लौटा तो परिवार के लोगों ने बताया कि तीनों आरोपी हथियार लेकर घर आए थे और धमकी देकर गए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों को इलाके में घुमाकर कार्रवाई की और लोगों को भरोसा दिलाया कि बदमाशों से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

close