मध्य प्रदेश में जलेबी विवाद को लेकर दोस्त ने दोस्त को मार डाला, बीच रास्ते में रोककर चाकू से गोदा; आरोपी फरार

जबलपुर: मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर में एक बार फिर से 18 वर्षीय युवक की हत्या का दर्दनाक मामला सामने आया है. घटना गोराबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम भीटा-जैतपुरी में बुधवार की देर रात हुई, जब जलेबी खाने को लेकर हुए दोस्ताना विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया. जानकारी के अनुसार, मृतक कृष्णा उइके (18) घर लौट रहा था, तभी आरोपी साजन झरिया ने उसे रास्ते में रोककर अचानक चाकू से हमला कर दिया.

हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार

घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जिला विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हमला करने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. घायल युवक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले मेले में जलेबी खाने को लेकर कृष्णा और साजन के बीच विवाद हुआ था. यही विवाद आरोपी युवक ने रंजिश में बदल दिया और बुधवार रात वह अपने दोस्त पर हमला करने के लिए तैयार हो गया. यह पूरी घटना शहर के लोगों के लिए बड़ा सदमा बन गई.

संस्कारधानी में बढ़ता अपराध का सिलसिला

जबलपुर को अक्सर “संस्कारधानी” कहा जाता है, लेकिन हाल के महीनों में शहर अपराधों की एक सक्रिय झलक दिखा रहा है. खुलेआम हो रही हत्याओं, चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती पैदा कर दी है. अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं और शहरवासियों में भय का माहौल पैदा हो गया है. शहर की पुलिस ने अपराधों को रोकने के लिए जगह-जगह चेकिंग पॉइंट लगाए हैं और नियमित गश्त बढ़ाई है, लेकिन इन कोशिशों के बावजूद अपराधियों पर अंकुश नहीं लग पाया है. पाटन क्षेत्र के बाद गोराबाजार में हुई यह हत्या शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों का उदाहरण है.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही गोराबाजार थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पहली नजर में निजी रंजिश के चलते हुई हत्या प्रतीत होती है, और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं.

close