बिहार: सुपौल में 6 बच्चों के सर से उठ गया पिता का साया, परिजन में मचा कोहराम

सुपौल: जिले में एक दर्दनाक घटना हुई है, इस घटना से जहां परिजन में कोहराम मचा हुआ है. वही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. दरअसल आपको बता दे की जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर आनंद चौक मार्ग पर बाइक और सीटी रिक्शा के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आनंद चौक के समीप तेज रफ्तार बाइक और सीटी रिक्शा की सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया.

बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया

रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विपीन तिवारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल लाया गया था. जांच में उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट पाई गई. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया.

मृतक की पहचान बौरहा वार्ड संख्या 14 निवासी उमेश राम के 27 वर्षीय पुत्र राजेश राम के रूप में हुई है. वहीं घायल की पहचान बौरहा वार्ड 14 निवासी दिनेश राम के 31 वर्षीय पुत्र प्रदीप राम के रूप में की गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी.

दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है- थानाध्यक्ष 

मृतक राजेश राम अपने पीछे पत्नी सुनीता देवी समेत छह छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें पांच पुत्री और एक पुत्र शामिल हैं. बच्चों में 10 वर्षीय अंजलि कुमारी, 7 वर्षीय प्रति कुमारी, 5 वर्षीय सोनाली कुमारी, 3 वर्षीय आयुष कुमार, 2 वर्षीय भुट्टकी कुमारी और 6 माह की लक्ष्मी कुमारी शामिल हैं. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com