इंदौर: समझौते के दौरान पिस्तौल से हवाई फायरिंग का मामला, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोचा, पढ़ें पूरी खबर

इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में मारपीट के विवाद के बाद समझौते के लिए बुलाए गए युवकों के सामने पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुराने विवाद को खत्म करने के इरादे से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी, जिसके बाद सभी को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में मोनू, दानिश और अल्फाइज नाम के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।

पुराने विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो सामने आया कि आरोपियों के बीच पुराने विवाद को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को निपटाने के लिए आरोपियों ने गोली चलाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के बाद चंदन नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, आरोपियों से पूछताछ कर घटना में इस्तेमाल हथियार और फायरिंग के पीछे की पूरी वजह के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

फायरिंग मामले में गिरफ्तार दानिश की कुंडली खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल दानिश के खिलाफ पहले से छह से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि दानिश सोशल मीडिया पर भी सक्रिय है और खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर बताता है। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

सभी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

हालांकि पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। नाबालिग से भी नियमानुसार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गोलीकांड के मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र गुरुवार रात का है। पुलिस के मुताबिक समीर नामक युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब चार बजे उसके और सोहेल के साथ दानिश पठान, मोनू पठान, उसके भाई और एक अन्य व्यक्ति ने मारपीट की थी। इसके बाद आरोपियों ने विवाद सुलझाने और समझौता करने के लिए शाम करीब छह बजे ग्रीन पार्क के सामने बुलाया। आरोप है कि जब समीर और सोहेल वहां पहुंचे, तो दानिश पठान, मोनू पठान समेत चार लोग थार गाड़ी से मौके पर पहुंच गये। उनके पास पिस्तौल थी और समझौते की बातचीत के दौरान पिस्तौल निकालकर हवाई फायर कर दिया गया। गनीमत रही कि हवाई फायरिंग की इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया था।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close