अब Apple के पड़ोस में Tesla: मुंबई में भारत का पहला एक्सपीरियंस सेंटर तैयार; इस दिन से होगी शुरुआत

दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता टेस्ला (Tesla) भारत में अपना पहला “एक्सपीरियंस सेंटर” खोलने जा रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ला 15 जुलाई को मुंबई के जियो वर्ल्ड ड्राइव में भारत में अपना पहला “एक्सपीरियंस सेंटर” खोलेगी जो भारतीय मार्केट में कंपनी की एंट्री के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा। अमेरिका स्थित इस इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी ने मार्च में 4,000 वर्ग फुट के रिटेल स्पेस के लिए लीज पर हस्ताक्षर किए थे। बता दें कि यह जगह शहर में एप्पल के फ्लैगशिप स्टोर के पास है।
भारत में टेस्ला की 4 कमर्शियल प्रॉपर्टीज
यह कदम टेस्ला की भारत में व्यापक विस्तार रणनीति का हिस्सा है। जून में कंपनी ने मुंबई के कुर्ला पश्चिम में एक कमर्शियल स्पेस पट्टे पर लिया था जहां वाहन सेवा केंद्र के रूप में काम करने की उम्मीद है। इससे भारत में टेस्ला की कुल कमर्शियल प्रॉपर्टीज चार हो गई जिनमें पुणे में एक इंजीनियरिंग केंद्र, बेंगलुरु में एक पंजीकृत कार्यालय और बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के पास एक अस्थायी कार्यालय शामिल है।
क्या है टेस्ला की प्लानिंग
भारत में नेतृत्व में हालिया बदलावों के बावजूद टेस्ला अपनी योजनाबद्ध शुरुआत जारी रखे हुए है। बता दें कि कंपनी के भारत प्रमुख प्रशांत मेनन ने पिछले महीने नौ साल बाद पद छोड़ दिया। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने जून में कहा था कि टेस्ला फिलहाल भारत में विनिर्माण शुरू करने में रुचि नहीं रखती है। उन्होंने कहा, “टेस्ला केवल शोरूम खोलना और आयातित कारें बेचना चाहती है।”






