IND vs NZ: भारत ने पहले ही T20 में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, संजू सैमसन ने खेली तूफानी अर्धशतकीय पारी, सीरीज में 1-0 की बढ़त


भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज गुरुवार से हो गया है। भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला गया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 226 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था। जवाब में भारतीय टीम ने आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर 6 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया और चार विकेट से जीत दर्ज की। ओपनिंग बल्लेबाज संजू सैमसन ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। संजू को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया। वहीं, भारत की ये टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी सफल रन चेज है। भारत ने इस जीत के साथ सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के पहले टी20 मुकाबले में टीम इंडिया कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 20 ओवर में 225 रन बनाये। जिसमें सलामी बल्लेबाज फिन ऐलन ने पांच चौके और दो छक्के की मदद से 24 बॉल पर तेजी के साथ 45 रन बनाए। वहीं टिम सिफर्ट ने 17 बॉल पर 24 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने भी 18 बॉल पर 28 रनों की अहम पारी खेली। नीचे के क्रम में आये बेवन जैकब्स ने केवल 16 बॉल पर 31 रन बना दिए। लेकिन ग्लेन फिलिप्स की 82 रनों की पारी सबसे खास रही।
संजू सैमसन ने खेली 67 रनों की धमाकेदार पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की ओर से ओपनिंग बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ शुरूआत की। अभिषेक शर्मा ने केवल 12 बॉल पर दो चौके और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाकर पवैलियन लौट गये। वहीं, संजू सैमसन ने एक ओर से अपनी धमाकेदार पारी को जारी रखा। संजू सैमसन ने 33 बॉल परी 67 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनके बल्ले से आठ चौके और चार छक्के आए।
वहीं, तिलक वर्मा और ईशान जल्दी जल्दी आउट हो गये। इसके बाद पारी को कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने संभाला। अय्यर ने 28 बॉल पर 42 रन बनाए। अक्षर पटेल ने 14 बॉल पर 24 रन बनाकर भारत की उम्मीदों को जिंदा रखा। आखिर में नमन धीर ने ताबड़तोड़ अंदाज में केवल 15 बॉल पर 42 रन बना दिए। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के आए। उन्होंने सिक्स लगाकर भारत को जीत दिलाई।
भारतीय गेंदबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला, लेकिन तीनों ने जमकर रन लुटाए। अर्शदीप ने 45 रन, मयंक यादव ने 40 रन और अक्षर पटेल ने 51 रन खर्च किए। वहीं, भुवनेश्वर कुमार की वापसी यादगार नहीं रही। उन्होंने चार ओवर में 49 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। नितीश कुमार रेड्डी भी महंगे साबित हुए और उन्होंने चार ओवर में 40 रन खर्च किये।
भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, मयंक यादव।
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन











