इंदौर: झूला झूलते समय साड़ी का फंदा गले में फंसा, लड़की की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के चंदननगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 15 साल की एक लड़की की झूला झूलते समय साड़ी का फंदा गले में फंसने से मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना चंदननगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर की है. मृतक लड़की की पहचान महिमा (15) के रूप में हुई है. महिमा कक्षा आठवीं की छात्रा थी और अपने परिवार के साथ लक्ष्मी नगर में रहती थी. उसके पिता हाट-बाजार में दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. परिवार में महिमा के अलावा एक छोटा भाई भी है.

साड़ी से झूला बनाकर खेल रही थी लड़की

बताया जा रहा है कि घटना के समय महिमा घर के अंदर कमरे में अकेली थी और साड़ी से झूला बनाकर खेल रही थी. खेलते-खेलते अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे साड़ी का फंदा उसके गले में कस गया.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही चंदननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन फिर भी किसी अन्य संभावित कारण को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. पड़ोसियों और परिचितों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com