इंदौर के पूर्व TI दिनेश वर्मा पर 700 केसों में फर्जी गवाह बनाने का आरोप, हुआ डिमोशन

इंदौर में एक पूर्व थाना प्रभारी (टीआई) दिनेश वर्मा के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है. आरोप है कि थाना प्रभारी के रूप में काम करते हुए दिनेश वर्मा ने 700 से अधिक क्रिमिनल केसों में कोर्ट के सामने फर्जी गवाह प्रस्तुत किए. मामले की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर इसकी जांच कराई गई. प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद विभाग ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की.
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, दिनेश वर्मा को थाना प्रभारी ( निरीक्षक) के पद से हटाकर सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है. यह डिमोशन आगामी कुछ वर्षों तक प्रभावी रहेगी. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पुलिस सेवा में जवाबदेही और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है. इस फैसले को विभाग के भीतर एक कड़ा संदेश माना जा रहा है कि न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी.
सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई केवल फर्जी गवाह पेश करने तक सीमित नहीं है. जांच में यह भी सामने आया कि कई महत्वपूर्ण मामलों की विवेचना और जांच में लापरवाही बरती गई. आरोप है कि समय पर और निष्पक्ष जांच नहीं होने के कारण कई मामलों की न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हुई. इससे न केवल केस की सुनवाई पर असर पड़ा, बल्कि पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हुए.
पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने स्पष्ट कहा है कि न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक मामले में कानून के अनुरूप निष्पक्ष जांच, सटीक विवेचना और प्रमाणिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की ओर से लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
विभागीय सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. यदि जांच के दौरान अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनता का विश्वास बनाए रखना उसकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है. इसी उद्देश्य से विभाग न्यायिक प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी कठोर कदम उठाता रहेगा.











