यूपी के बहराइच में हार्ट अटैक के चलते दरोगा की हुई मौत, मचा हड़कंप

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पर बहराइच के पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक की हार्ट अटैक के चलते मौत हो गई. उनकी हालत बिगड़ने पर उनको जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद महकमें में हड़कंप मच गया है, पुलिस के द्वारा उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है.
बहराइच में पुलिस लाइन में तैनात उप निरीक्षक हरेंद्र यादव का सोमवार शाम हार्टअटैक से निधन हो गया. उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गोरखपुर जिले के निवासी 58 वर्षीय हरेंद्र यादव पुत्र संत प्रसाद बहराइच में उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे. सोमवार को वे अपने ड्राइवर के साथ कार में बैठे थे, तभी उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और वे बेहोश हो गए. चालक ने इसकी सूचना पास में मौजूद यातायात निरीक्षक राम प्रसाद को दी.
इसके बाद राम प्रसाद अन्य पुलिसकर्मियों के साथ हरेंद्र यादव को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक कुमार सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे. मृतक उपनिरीक्षक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है.