उज्जैन में बनेगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, 49 करोड़ की लागत से तैयार होगी आधुनिक खेल सुविधा

उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम बनाया जाएगा। करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का भूमि पूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस स्टेडियम के निर्माण से मालवा क्षेत्र सहित पूरे मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी और शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी।
नानाखेड़ा स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में बनने वाले इस एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान के साथ पवेलियन और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि पहले प्रदेश में खेल सुविधाओं की कमी के कारण खिलाड़ियों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। एथलेटिक्स खिलाड़ियों को डामर की सड़कों पर दौड़ना पड़ता था और हॉकी खिलाड़ी मिट्टी के मैदान पर खेलते थे, जिससे बड़े स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करना संभव नहीं हो पाता था।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और उज्जैन में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। इससे उज्जैन में भी अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच आयोजित किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर का निर्माण कई चुनौतियों के बाद संभव हो पाया है। यह परियोजना वर्ष 1974 के मास्टर प्लान में शामिल थी, लेकिन लंबे समय तक इस पर काम नहीं हो सका। अब सभी बाधाओं को दूर कर इसे विकसित किया जा रहा है।
स्टेडियम के निर्माण के लिए सिविल कार्य का ठेका 26.32 करोड़ रुपये में तय किया गया है। परियोजना को लगभग 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें वर्षा ऋतु की अवधि भी शामिल है। इस परियोजना के तहत हॉकी पवेलियन, एथलेटिक ट्रैक, चेंजिंग रूम, दर्शक दीर्घा और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भवन निर्माण में आधुनिक स्ट्रक्चरल ग्लेजिंग और एससीपी क्लैडिंग का उपयोग किया जाएगा।
यह स्टेडियम स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर देगा। साथ ही इससे शहर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। खेल प्रेमियों का मानना है कि यह परियोजना उज्जैन को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।











