IPL 2026: मोहसिन खान ने खोला पंजा, KKR की आधी टीम की आउट, इस मामले में बने नंबर-1


Mohsin Khan Five-Wicket Haul: आईपीएल 2026 के 38वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी की. लखनऊ के एकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मोहसिन खान ने विकेटों की झड़ी लगा दी. उन्होंने 4 ओवर में कुल 5 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. इस शानदार स्पैल के साथ मोहसिन ने आईपीएल का एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
मोहसिन खान ने KKR के खिलाफ खोला पंजा
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट चटकाए. यह उनके आईपीएल करियर का बेस्ट प्रदर्शन है. इस शानदार स्पैल के साथ मोहसिन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए तीसरे ऐसे गेंदबाज बन गए, जिन्होंने एक पारी में पांच विकेट झटके हैं. फ्रैंचाइजी के इतिहास में यह दूसरा बेस्ट गेंदबाजी स्पैल भी है. इससे पहले मार्क वुड ने 14 रन देकर 5 विकेट लेने का कारनामा किया था.
इस मैच में मोहसिन ने अपने पहले ही ओवर में टिम साइफर्ट को आउट कर शुरुआत की. फिर अपने दूसरे ओवर में उन्होंने अजिंक्य रहाणे को पवेलियन भेजा. तीसरा विकेट रोवमन पॉवेल का रहा, जिन्हें उन्होंने बाउंसर पर आउट किया. अपने आखिरी ओवर में मोहसिन ने लगातार दो गेंदों पर कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय को आउट कर पंजा खोल दिया. इसी के साथ मोहसिन खान ने आईपीएल में बतौर लेफ्ट आर्म इंडियन पेसर बेस्ट बॉलिंग फिगर्स अपने नाम कर लिया. इससे पहले ये रिकॉर्ड जयदेव उनादकट के नाम था. उन्होंने 25 रन देकर 5 विकेट लिए थे. वहीं, मौजूदा सीजन में मोहसिन खान पहले गेंदबाज हैं, जिन्होंने एक पारी में 5 विकेट लिए हैं.











