IPL 2026 Points Table: हैदराबाद ने छीनी दिल्ली की खुशियां, हारकर भी RCB को नहीं हुआ नुकसान


आईपीएल में पॉइंट्स टेबल की स्थिति लगभग हर दिन के साथ बदल जाती है. ज्यादातर मौकों पर जीत दर्ज करने वाली टीम इस टेबल में ऊपर की ओर बढ़ जाती है. मगर ‘डबल हेडर’ वाले दिन कहानी अलग होती है क्योंकि यहां कुछ ही घंटों में उलट-पलट देखने को मिलता है. दिल्ली कैपिटल्स से बेहतर फिलहाल इसको शायद ही कोई समझ सकेगा. डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराने के बावजूद दिल्ली ज्यादा देर टॉप-4 में नहीं टिकी, क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद ने उसे यहां से बेदखल कर दिया.
SRH ने छीनी दिल्ली की खुशियां
शनिवार 18 अप्रैल को आईपीएल 2026 में एक और डबल हेडर वाला दिन था. यानि दो मैच का दोगुना रोमांच. मुकाबले भी जबरदस्त थे. पहले मैच में दिल्ली और बेंगलुरु की टक्कर हुई और ये मुकाबला बिल्कुल आखिरी ओवर के अंत तक चला, जहां डेविड मिलर ने बेंगलुरु के मुंह से जीत छीन ली. दिल्ली की इस सीजन में ये तीसरी जीत थी और इस तरह 5 मैच में 6 पॉइंट्स के साथ टीम चौथे स्थान पर पहुंच गई.
मगर दिल्ली की इस सफलता के कुछ ही घंटों बाद ईशान किशन की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने फिर सफलता हासिल की. सनराइजर्स ने भी आखिरी ओवर तक चले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को 10 रन से हराया. चेन्नई के पास भी दिल्ली की तरह आखिरी ओवर में मैच जीतने का मौका था लेकिन उसके पास डेविड मिलर जैसा खिलाड़ी नहीं था. इस तरह सनराइजर्स ने इस सीजन में 6 मैच में अपनी तीसरी जीत दर्ज की.
इस जीत के साथ सनराइजर्स के भी दिल्ली की तरह 6 पॉइट हो गए लेकिन नेट रनरेट के मामले में SRH (0.566) ने बाजी मारते हुए दिल्ली (0.310) को पीछे छोड़ते हुए फिर से चौथा स्थान हासिल कर लिया. सिर्फ 4 घंटों के अंदर ही दिल्ली से उसकी कुर्सी छिन गई. हालांकि, उसके लिए सबकुछ इतना खराब भी नहीं रहा क्योंकि एक दिन पहले टीम छठे स्थान पर थी और अब वो पांचवें स्थान पर है. उससे नीचे छठे पर गुजरात टाइटंस है, जिसके खुद 6 पॉइंट हैं.
RCB और CSK का क्या हुआ?
हारने वाली टीमों की बात करतें तो रजत पाटीदार की RCB के पास पहला स्थान हासिल करने का मौका था, जिससे वो चूक गई. मगर हार के बावजूद टीम 8 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर बरकरार है. हालांकि रविवार 19 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स अपना अगला मैच खेलेगी और वो उससे ये जगह छीन सकती है.
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स फिलहाल आठवें स्थान पर है. उसके अभी भी 4 पॉइंट्स हैं. अन्य टीमों की बात करें तो पंजाब किंग्स (9) पहले स्थान पर है, जबकि राजस्थान (8) तीसरे पर है. वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स (4) आठवें पर, मुंबई इंडियंस (2) नौवें पर, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स (1) आखिरी पर बनी हुई है.











