IPL 2026: श्रेयस अय्यर ने इनाम में रखा अपना बल्ला, जीतने के लिए PBKS के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला


PBKS vs LSG: सिर्फ टीम को जिताना कप्तान का मकसद नहीं होता. कप्तान का काम ये तय करना भी होता है कि कैसे अपने खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को जगाए रखते हुए उनका पूरा फोकस लक्ष्य पर रखा जाए? IPL 2026 में पंजाब किंग्स की सफलता के पीछे की यही वजह है. ये टीम एक के एक मुकाबले जीत रही है तो उसकी वजह है उसके कप्तान श्रेयस अय्यर की वो सोच, जिसने टीम के अंदर एक मुकाबले को जन्म दे दिया है. पंजाब किंग्स में जारी मुकाबले का खुलासा लखनऊ सुपर किंग्स पर मिली जीत के बाद खुद श्रेयस अय्यर ने किया.
सबसे ज्यादा छक्के लगाने का मुकाबला
कप्तान श्रेयस अय्यर के मुताबिक पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का मुकाबला छिड़ा है. IPL 2026 में खेले पहले 29 मुकाबलों के बाद पंजाब किंग्स सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बनी है तो इसी वजह से क्योंकि श्रेयस अय्यर ने टीम के खिलाड़ियों के बीच अपना ही मुकाबला शुरू करा रखा है. इसका जिक्र उन्होंने तब किया जब उनसे LSG के खिलाफ मैच के बाद पूछा गया कि वो कैसे एक सिक्स हिटिंग टीम के तौर पर उभरे हैं?
श्रेयस अय्यर ने इनाम में रखा अपना बल्ला
इस सवाल के जवाब में श्रेयस अय्यर ने कहा कि उन्होंने प्रियांश आर्या और कूपर कॉनोली से बात की और उनसे कहा कि चलो टीम में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का मुकाबला करते हैं. श्रेयस के मुताबिक जब वे तैयार हुए तो उन्होंने इनाम की भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि जीतने वाले को इनाम में मेरा बल्ला मिलेगा.
पंजाब किंग्स के कप्तान के मुताबिक, भले ही ये अजीब लगता हो लेकिन जब तक सब अच्छा चल रहा है, टीम अच्छा परफॉर्म कर रही है तो मैं खुश हूं.
PBKS में छक्के लगाने में प्रियांश आर्या आगे
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में पंजाब किंग्स की तरफ से 21 छक्के लगे, जिसमें से 16 छक्के सिर्फ प्रियांश आर्या और कूपर कॉनोली के नाम है. प्रियांश ने 9 छक्के जबकि कॉनोली ने 7 छक्के लगाए. IPL 2026 में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ओवरऑल बल्लेबाजों की रेस में प्रियांश आर्या 20 छक्के के साथ दूसरे नंबर पर हैं. वो पंजाब किंग्स के अभी तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं. 14-14 छक्के लगाकर कूपर कॉनोली और श्रेयस अय्यर उनके ठीक पीछे हैं. जबकि प्रभसिमरन सिंह ने अब तक 11 छक्के लगाए हैं.
छक्के लगाने की तैयारी कैसे करते हैं प्रियांश?
LSG के खिलाफ मैच के बाद प्रियांश आर्या से जब पूछा गया कि वो छक्के लगाने की कैसे तैयारी करते हैं? इसके जवाब में पंजाब के ओपनर ने कहा कि वो छक्के लगाने की नहीं बल्कि उसे सही तरीके से टाइम करने की प्रैक्टिस करते हैं. इससे उन्हें फायदा मिलता है.









