IPL 2026: सूर्यकुमार यादव का फ्लॉप शो जारी, 6 मैच में 5वीं बार फेल, अब होगी टीम से छुट्टी?

IPL 2026: सूर्यकुमार यादव का फ्लॉप शो जारी, 6 मैच में 5वीं बार फेल, अब होगी टीम से छुट्टी?

सूर्यकुमार यादव ने कुछ ही हफ्तों पहले भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जिताकर फैंस को खुशी का मौका दिया था. अब वही सूर्यकुमार फैंस के निशाने पर हैं. मगर इसकी वजह वही है, जिसको लेकर वो वर्ल्ड कप के दौरान और उससे पहले भी सवालों के घेरे में थे. ये है उनकी बैटिंग फॉर्म, जो पिछले डेढ़ साल से भी ज्यादा वक्त से बेहद खराब चल रही है और आईपीएल 2026 में भी हालात बदल नहीं रहे हैं. मुंबई इंडियंस के उप-कप्तान सूर्या को इस सीजन में 6 मैच में पांचवी बार नाकामी हाथ लगी है.

आईपीएल 2026 के 30वें मैच गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग की लेकिन उसके दोनों ओपनर जल्दी ही पवेलियन लौट गए. ऐसे वक्त में टीम को अपने बेस्ट बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव से पारी को संभालने और बड़े स्कोर तक ले जाने की उम्मीद थी. सीजन के दूसरे ही मैच में सूर्या ने टीम को ऐसे ही हालात से बाहर निकाला था और एक अर्धशतक लगाया था. मगर इस बार मुंबई के उप-कप्तान इसमें सफल नहीं हो पाए.

6 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने कगिसो रबाडा के ओवर में लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जमाकर उम्मीद तो जगाई लेकिन इस ओवर में ही उनका खेल भी खत्म हो गया. रबाडा की 152 किलोमीटर प्रतिघंटा की तेज रफ्तार वाली गेंद पिच होने के बाद अंदर के लिए आई और सूर्या क्लीन बोल्ड हो गए. वो 10 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए. इस सीजन में ये छठी पारी थी, जिसमें सूर्यकुमार ने बल्लेबाजी की और उसमें से चौथी बार वो 20 रन से भी कम के स्कोर पर आउट हो गए. इस तरह कुल मिलाकर अभी तक उन्होंने 6 पारियों में सिर्फ 121 रन ही बनाए हैं. ये रोहित शर्मा (137) से भी कम है, जिन्होंने सिर्फ 4 पारियों में बैटिंग की और उसमें भी चौथी पारी में वो चोट के कारण रिटायर हो गए थे.

प्लेइंग-11 से होगी सूर्या की छुट्टी?

पिछले करीब 6-7 सीजन में मुंबई ने जब भी खिताबी सफलता हासिल की या टीम संघर्ष करती रही, उस दौरान सूर्यकुमार यादव ही एक ऐसे बल्लेबाज रहे, जो निरंतर रन बनाते रहे. यहां तक कि 2025 में जब पूरे साल सूर्या का बल्ला नहीं चला, तब भी IPL में उन्होंने 717 रन बनाए थे. मगर इस साल उनका बल्ला खामोश है और वो मुंबई इंडियंस के अपने करियर में सबसे ज्यादा संघर्ष करते दिख रहे हैं.

परेशानी की बात ये भी है कि अब उनका इस्तेमाल सिर्फ बल्लेबाज के रूप में हो रहा है और हर बार उन्हें इम्पैक्ट प्लेयर से रिप्लेस कर दिया जाता है. ऐसे में अगर अगली एक-दो पारियों में भी ऐसा हाल रहा तो सूर्या का मुंबई की प्लेइंग-11 से पूरी तरह बाहर होना हैरानी भरा नहीं होगा.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com