IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी टॉप 10 से बाहर, KKR के खिलाफ कमबैक का मौका, एक पारी बना सकती है नंबर 1


IPL 2026 का 28वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच ईडन गार्डन्स पर होना है. इस मुकाबले में KKR इस सीजन अपने जीत के खाते को खोलने की एक और कोशिश करता दिखेगा. वहीं राजस्थान की टीम फिर से जीत की पटरी पर लौटने की. मगर इन सबके बीच निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर भी रखिएगा, जो ईडन गार्डन्स की पिच पर दुनिया के कई बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते नजर आ सकते हैं. वैभव के पास कमबैक करते हुए फिर से नंबर 1 बनने का मौका है.
टॉप 10 से बाहर वैभव सूर्यवंशी
IPL 2026 में रनों की रेस में फिलहाल वैभव सूर्यवंशी टॉप 10 से बाहर हैं. अब तक खेली 5 पारियों में 200 रन के साथ उनकी मौजूदा रैंकिंग 11वीं है. लेकिन, KKR के खिलाफ कोलकाता ईडन गार्डन्स पर अगर उन्होंने रंग जमा दिया तो फिर ये एक पारी उन्हें फिर से नंबर वन बना सकती है. अब सवाल है कि सबसे ज्यादा रनों के मामले में या यूं कहें कि ऑरेंज कैप की रेस में IPL 2026 के नंबर वन बल्लेबाजों और 11वें नंबर पर खड़े वैभव सूर्यवंशी के बीच फासला कितने रनों का है?
ये 10 बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से आगे
IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन फिलहाल हेनरिक क्लासन के हैं. उन्होंने 6 मैच की 6 पारियों में 283 रन जमाए हैं. क्लासन के बाद दूसरे स्थान पर शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 4 पारियों में ही 251 रन बनाए हैं. विराट कोहली का लिस्ट में तीसरा स्थान है, उन्होंने 6 पारियों में 247 रन बनाए हैं. 6 पारियों में 230 रन बनाकर रजत पाटीदार चौथे नंबर पर हैं. इसके अलावा वो IPL 2026 में सबसे ज्यादा 22 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं. ईशान किशन ने 6 पारियों में 213 रन जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 5 मैच की 4 पारियों में 211 रन बनाए हैं. श्रेयस अय्यर ने भी 5 मैच की 4 पारियों में 203 रन जबकि फिल सॉल्ट ने 6 मैच की 6 पारियों में 202 रन बनाए हैं. आयुष म्हात्रे ने 6 मैच की 6 पारियों में 201 रन बनाए. जबकि इतने ही रन जॉस बटलर ने 5 पारियों में बनाए हैं.
KKR के खिलाफ 84 रन बनाते ही बन जाएंगे नंबर 1
वैभव सूर्यवंशी का नंबर इन 10 बल्लेबाजों के बाद आता है. मगर वो KKR के खिलाफ इन सबको पीछे छोड़ सकते हैं. ऐसा करने के लिए IPL 2026 की अपनी छठी इनिंग में वैभव सूर्यवंशी को 84 रन बनाने होंगे. इसके अलावा ये रन बनाने के दौरान अगर 6 छक्के भी उन्होंने लगा दिए तो फिर रजत पाटीदार को पीछे छोड़ वो इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन जाएंगे. वैभव के फिलहाल 18 छक्के हैं.











