IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने पापा को हाथ जोड़कर क्यों कहा ‘सॉरी’? अपनी चोट पर भी दिया बड़ा अपडेट- VIDEO


आईपीएल के सबसे युवा खिलाड़ी, सबसे युवा शतकवीर और सबसे तेज शतक जमाने वाले भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का जलवा जारी है. पिछले सीजन में वैभव ने धमाकेदार अंदाज में अपना डेब्यू किया था और उसी को आगे बढ़ाते हुए वो IPL 2026 में भी अपने बल्ले से कहर बरपा रहे हैं. अब तो उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शतक लगाकर फिर से तहलका मचा दिया. मगर इस शानदार शतक के बावजूद वो अपने पापा को सॉरी बोल रहे हैं, वो भी कैमरा के सामने. वजह भी ऐसी है, जो किसी का भी दिल जीत ले.
हुआ ये कि राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने अपने तूफानी बैटिंग से हल्ला बोल दिया. 15 साल के युवा ओपनर ने इस सीजन में तीसरी बार सिर्फ 15 गेंदों में ही अर्धशतक पूरा कर दिया. मगर इस बार वो सिर्फ अर्धशतक जमाकर वापस नहीं लौटे, बल्कि IPL में अपना दूसरा शतक ठोक दिया और एक बार फिर ये कमाल सिर्फ 36 गेंदों में कर दिखाया. पिछले सीजन में उन्होंने 35 गेंदों में सेंचुरी ठोकी थी.
वैभव ने किस बात पर पापा को कहा सॉरी?
मैच के एक दिन बाद राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें टीम के मैनेजर रोमी भिंडर उनसे इस पारी को लेकर सवाल-जवाब कर रहे थे. इसी दौरान जैसे ही जिक्र आया कि क्या वैभव ने अपने पापा से बात की, तो इस पर युवा बल्लेबाज ने कहा कि वो कुछ देर में कॉल करेंगे. मगर भिंडर ने उन्हें बताया कि उनकी वैभव के पिता से बात हुई और उन्होंने पूछ दिया कि बैटिंग के बाद उन्होंने कोच के पैर क्यों नहीं छुए.
A first-ball duck a few days ago to the fastest century by an Indian last night.
Vaibhav Sooryavanshi just refuses to give up
pic.twitter.com/IqDaWvkAu9
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 26, 2026
यहीं पर वैभव ने मजेदार खुलासा किया और बताया कि उनके पापा इसको लेकर समझाएंगे. वैभव ने कहा, “पापा इस बात को लेकर मुझे 10 मिनट समझाएंगे कि जब आउट होकर आया तो सारे कोच के पैर क्यों नहीं छुए. मगर उस टाइम इतने लोग थे वहां पर और सब सीनियर ही हैं तो तब मैं अपनी ही सोच में अंदर चला गया. तो उसके लिए मैं पापा को सॉरी बोल देता हूं (हाथ जोड़ते हुए).”
अपनी चोट पर वैभव ने दिया अपडेट
इतना ही नहीं, वैभव ने अपनी चोट को लेकर भी एक जरूरी अपडेट दिया. शतक जमाने के बाद जब फील्डिंग शुरू हुई तो कुछ ही देर में गेंद के पीछे दौड़ते हुए उनके पैर में अचानक दर्द हो उठा. उनकी हैमस्ट्रिंग (पैर की मांसपेशी) में खिंचाव आ गया था, जिसके चलते उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा. वैभव ने खुलासा किया कि पिछले मैच के बाद उनके टखने में चोट लगी थी, जिसके चलते वो उस पर कम जोर डाल रहे थे और इसका असर हैमस्ट्रिंग की चोट के रूप में सामने आया. मगर वैभव ने बताया कि वो ठीक हो रहे हैं और अगले मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे.












