IPL Points Table 2026: दिल्ली ने जीत के बाद बदली अंक तालिका की तस्वीर, मगर राजस्थान ने गंवाया बड़ा मौका

IPL Points Table 2026: दिल्ली ने जीत के बाद बदली अंक तालिका की तस्वीर, मगर राजस्थान ने गंवाया बड़ा मौका

IPL Points Table 2026 (Updated), After Delhi Capitals vs Rajasthan Royals Match: दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 में अपनी हार के सिलसिले पर लगाम लगा ही दी. अक्षर पटेल की टीम के लिए सीजन अभी तक उतार-चढ़ाव भरा रहा था और पिछले लगातार 3 मैच में उसे शिकस्त मिली थी. मगर अब अपने नौवें मैच में दिल्ली ने जोरदार वापसी की और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 226 रन जैसा बड़ा लक्ष्य हासिल करते हुए जीत दर्ज की. इस सीजन में दिल्ली की ये चौथी जीत है और उसने पॉइंट्स टेबल में एक स्थान की छलांग लगाई है.

दिल्ली ने किया बड़ा रन चेज

जयपुर में खेले गए इस मैच में मेजबान राजस्थान रॉयल्स ने 225 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था. टीम के लिए कप्तान रियान पराग ने सीजन का पहला अर्धशतक लगाया और 90 रन की पारी खेली. वहीं दिल्ली के लिए सीजन में पहला ही मैच खेल रहे दिग्गज तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट लिए. इसके जवाब में केएल राहुल और पथुम निसांका की तूफानी पारियों ने दिल्ली के लिए जीत की नींव रखी और उसने 7 विकेट से मैच अपने नाम किया.

पॉइंट्स टेबल में हुआ ये बदलाव

इस जीत ने पॉइंट्स टेबल में दिल्ली की स्थिति को बेहतर बनाया है और प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है. कैपिटल्स के नाम अब 9 मैच में 4 जीत के साथ 8 पॉइंट हो गए हैं और इस तरह वो सातवें स्थान से उठकर छठे पर पहुंच गई है. दिल्ली ने इस मामले में चेन्नई सुपर किंग्स को पीछे छोड़ा, जो अभी तक 6 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर थी.

वहीं लगातार दूसरे दिन किसी टीम ने पंजाब किंग्स को पहले स्थान से हटाने का मौका गंवा दिया. इस मैच से एक दिन पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास नंबर-1 पर पहुंचने का मौका था लेकिन हार के कारण वो दूसरे स्थान पर ही रही. वहीं इस मैच में राजस्थान के पास इस रेस में आगे निकलने का मौका था लेकिन वो भी इससे चूक गई. रॉयल्स के नाम फिलहाल 10 मैच में 12 पॉइंट्स हैं और वो चौथे स्थान पर ही बनी हुई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close