अभी हाफ हुए हैं, टिकट नहीं मिलेगा तो साफ हो जाएंगे… नंद गोपाल नंदी से यूपीडा छीनने पर अखिलेश यादव का तंज

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को तगड़ा झटका लगा है. प्रदेश में एक्सप्रेस-वे और इंडस्ट्रीज गलियारों को बनाने की देखरेख करने वाली संस्था उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी यूपीडा का पूरा कामकाज अब उनके पास से वापस ले लिया गया है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब खुद इस विभाग का कामकाज देखेंगे.

जानकारी के मुताबिक सचिवालय प्रशासन ने 27 मई 2026 को जारी एक आदेश में कहा है कि यूपीडा से जुड़े सभी कार्य अब अवस्थापना विकास अनुभाग को सौंपे जा रहे हैं. यह विभाग सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास है. सरकार ने बेहतर तालमेल और कामकाज में तेजी लाने को इस बदलाव की वजह बताया है.

अखिलेश ने किया तंज

सरकार के इस फैसले पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा ‘अभी हाफ़ हुए हैं, विधानसभा में टिकट नहीं मिलेगा तो साफ हो जाएंगे. जब सारे घटिया एक्सप्रेसवे बन गये और भ्रष्टाचार का आपसी लेनदेन का टारगेट पूरा हो गया तब हटाया तो क्या हटाया?’.

‘भाजपा अपने प्रत्याशी बदलने जा रही है…’

इसके आगे उन्होंने कहा ‘सुना है इलाहाबाद की सारी सीटों पर भाजपा अपने प्रत्याशी बदलने जा रही है क्योंकि भाजपा को लगता है कि ये सारे विधायक और प्रत्याशी केवल खाने-कमाने में लगे रहे और लोकसभा सीट हाथ से निकल गई. यही फार्मूला उप्र की उन सभी 43 लोकसभा सीटों पर लागू किया जा रहा है जहां इंडिया गठबंधन की जीत हुई थी और बाक़ी उन 9-10 सीटों पर भी जहां भाजपा हेरफेर करके सर्टिफिकेट से जीती थी, वोट से नहीं’.

‘पीडीए के सामने उनके जीतने की कोई भी उम्मीद नहीं’

अखिलेश ने कहा ‘इसका मतलब तो ये हुआ कि लगभग 225 सीटों पर प्रत्याशी बदले जाएंगे. वैसे तो सुना है कि भाजपा के वर्तमान विधायक ख़ुद भी चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं क्योंकि पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक(पीडीए) के सामने उनके जीतने की कोई भी उम्मीद नहीं बची है. भाजपा के मूल वोटर अब एक-चौथाई भी नहीं रह गए हैं, इसलिए भाजपा के वर्तमान विधायक हारे हुए चुनाव में अपनी कमाई खर्च नहीं करना चाहते हैं बल्कि, बाकी जीवन के लिए पैसे बचाकर रखना चाहते हैं क्योंकि उनको ये भी पता है कि इस बार भाजपा पक्का जाएगी और फिर कभी नहीं आएगी.

‘विधायकों ने जनता के आक्रोश को पढ़ लिया’

सपा प्रमुख ने कहा ‘दरअसल भाजपा के वर्तमान विधायकों ने जनता के आक्रोश को पढ़ लिया है क्योंकि भाजपा की महा-भ्रष्ट, बेईमान और दमनकारी नीतियों की वजह से आई हर तरह की दिक्कतों जैसे दिनदहाड़े की लूट, दबंगई, हत्या, जमीनों पर कब्जा, घूसखोरी-कमीशन, महंगाई, बेरोजगारी, पीडीए पर अत्याचार,पक्षपात, धर्म की राजनीति की वजह से हो रही नाइंसाफी, पेपर लीक,संविधान को नजरअंदाज करना,आरक्षण की हमारी, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ व महिलाओं के प्रति बेतहाशा बढ़ते अपराध, चुनावी हेराफेरी और चंदा-चढ़ावा चोरी की वजह से जन-जन का गुस्सा उबाल-उफान पर आ चुका है’.

औद्योगिक विकास मंत्री हैं नंद गोपाल गुप्ता

नंद गोपाल गुप्ता नंदी योगी सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री हैं. पिछले कुछ समय से यूपीडा का प्रभार भी उन्हीं के पास था. यूपीडा के जरिए प्रदेश में गंगा एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे जैसी बड़ी परियोजनाओं का निर्माण हो रहा है. इन परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण, टेंडर प्रक्रिया और निजी निवेशकों से मिलते-जुलते काम यूपीडा देखता है.

सचिवालय ने आदेश में क्या कहा

सचिवालय के आदेश के मुताबिक, अब यूपीडा के अधीन चल रही सभी एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं का काम अवस्थापना विकास अनुभाग को दिया जाएगा. आदेश में कहा गया है कि पहले काम के बंटवारे में कुछ विरोधाभास था, इसे दूर करने के लिए यूपीडा से संबंधित समस्त कार्यों को तुरंत प्रभाव से अवस्थापना विकास अनुभाग को सौंप दिया गया हैं. सीधे शब्दों में कहें तो अब एक्सप्रेस-वे बनाने से जुड़े फैसले सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय की देखरेख वाले विभाग से होंगे. इससे परियोजनाओं में तेजी आने और कई विभागों के बीच मेलजोल बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है.

सरकार की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि अवस्थापना विकास अनुभाग को बड़ी लागत वाली अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए योजना बनाने और तालमेल का काम पहले से ही सौंपा गया है. यूपीडा के काम भी इसी दायरे में आते हैं. ऐसे में दो अलग-अलग जगहों पर काम बंटने से देरी हो रही थी. अब एक ही जगह पर सारा काम आने से निर्णय तेजी से होंगे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com