जग्गी हत्याकांड की फाइल फिर खुली, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हाई कोर्ट में दोबारा सुनवाई शुरू

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जग्गी हत्याकांड में एक बार फिर न्यायिक प्रक्रिया तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में मामले की दोबारा सुनवाई शुरू हो गई है।

हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने सतीश जग्गी और मामले के आरोपी अमित जोगी को नोटिस जारी कर वकील के साथ पेश होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नोटिस की तामिली की जिम्मेदारी रायपुर पुलिस को सौंपी गई है।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता पक्ष ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को पुनर्विचार के लिए हाई कोर्ट को वापस भेजा है। इससे पहले निचली अदालत के फैसले और बाद में हाई कोर्ट द्वारा याचिकाओं को खारिज किए जाने को चुनौती दी गई थी।

सीबीआई और राज्य सरकार की ओर से अदालत में पक्ष रखा गया कि पूर्व में दायर अपील और याचिकाएं तकनीकी आधार पर खारिज कर दी गई थीं। अब सुप्रीम कोर्ट ने देरी को माफ करते हुए मामले की मेरिट पर दोबारा सुनवाई के निर्देश दिए हैं।

यह मामला 4 जून 2003 को एनसीपी नेता रामअवतार जग्गी की गोली मारकर हत्या से जुड़ा है। इस मामले में कई आरोपियों को दोषी ठहराया गया था, जबकि अमित जोगी को बरी कर दिया गया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए पीड़ित पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब हाई कोर्ट में इस मामले की दोबारा सुनवाई से नए कानूनी पहलुओं पर विचार होने की संभावना है। मामले की आगामी सुनवाई में सभी पक्षों के तर्कों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com