जयपुर में लापता हुए जापानी पर्यटक सुरक्षित अपने देश पहुंचे, पुलिस जांच में हुआ खुलासा

राजस्थान की राजधानी जयपुर में घूमने आए दो जापानी पर्यटकों के लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। दोनों पर्यटक सकुशल अपने देश पहुंच चुके हैं, जिससे पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पर्यटक दिल्ली से टैक्सी के माध्यम से जयपुर पहुंचे थे और ब्रह्मपुरी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। होटल में रुकने के बाद वे अशोक नगर इलाके के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।

काफी देर तक इंतजार करने के बाद टैक्सी चालक ने उनकी तलाश की और जब कोई सुराग नहीं मिला तो अशोक नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पर्यटकों का सामान अपनी कस्टडी में लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि दोनों पर्यटक रेस्टोरेंट में प्रवेश करने के कुछ ही मिनट बाद बाहर निकल गए थे और पैदल जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जापान दूतावास से संपर्क किया। दूतावास से मिली जानकारी में पुष्टि हुई कि दोनों पर्यटक सुरक्षित अपने देश लौट चुके हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पर्यटक हिबिक्की शिब्बा और युमा थे, जो टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे। वे जयपुर में कुछ दिन रुकने के बाद रणथंभौर जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन अचानक बिना जानकारी दिए देश लौट गए।

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पर्यटकों ने अचानक लौटने का फैसला क्यों किया।

close