Jason Holder: बुमराह के 9 मैच में जितने विकेट, 4 ओवर में किए उससे ज्यादा शिकार, पंजाब के उड़ाए होश


आईपीएल 2026 में कुछ गेंदबाज लगातार अपने प्रदर्शन से छाप छोड़ रहे हैं तो वहीं कुछ अभी तक संघर्ष कर रहे हैं. एक तरफ दुनिया के सबसे घातक गेंदबाजों में शुमार मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह लय हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. वहीं कई अन्य गेंदबाज उनसे काफी आगे निकल गए हैं. इनमें से एक हैं गुजरात टाइटंस के ऑलराउंडर जेसन होल्डर, जिन्होंने सिर्फ एक ही मैच में बुमराह से ज्यादा विकेट ले लिए हैं. उन्होंने ये कमाल पंजाब किंग्स के खिलाफ किया.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के मुकाबले में जेसन होल्डर पूरी तरह से छाए रहे. इस मैच में पंजाब पहले बैटिंग कर रही थी, जिसे पावरप्ले के अंदर ही मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने ध्वस्त कर दिया था. इसके बाद होल्डर ने मोर्चा संभाला और अपनी कसी हुई लाइन-लेंथ से पंजाब के मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया, जिसमें सबसे बड़ा शिकार पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर थे.
इस पारी में होल्डर 7वें ओवर में पहली बार गेंदबाजी करने आए और सिर्फ 3 गेंदों में पहला शिकार कर लिया. उन्होंने सबसे पहले नेहाल वढ़ेरा को पवेलियन लौटाया और फिर अपने अगले ओवर में पंजाब को सबसे बड़ा झटका दिया. होल्डर के दूसरे ओवर में कप्तान अय्यर बोल्ड हो गए. इसके बाद 18वें ओवर में होल्डर ने मार्कस स्टोइनिस को भी ढेर किया, जो तेजी से 40 रन बना चुके थे. इसी ओवर की अगली ही गेंद पर उन्होंने जेवियर बार्टलेट को क्लीन बोल्ड कर दिया.
लंबे कद के पेसर जेसन होल्डर अपनी हैट्रिक तो पूरी नहीं कर सके लेकिन 4 ओवर के स्पैल में उन्होंने सिर्फ 24 रन खर्चे और सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके. होल्डर का ये प्रदर्शन इसने भी बेहद प्रभावित करने वाला था क्योंकि उन्होंने सिर्फ 4 ओवर में जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया. दिग्गज पेसर बुमराह इस सीजन में लगातार संघर्ष कर रहे हैं और 9 मैच में सिर्फ 3 विकेट उनके खाते में आए हैं. इतना ही नहीं, होल्डर ने सिर्फ 4 मैच अब तक खेले हैं और 7 विकेट अपने नाम कर चुके हैं.











