जियो प्लेटफॉर्म्स बना ट्रस्टेड टेक अलायंस का सदस्य, गूगल-माइक्रोसॉफ्ट समेत 15 वैश्विक कंपनियां शामिल

भारत की डिजिटल कंपनी Jio Platforms को ट्रस्टेड टेक अलायंस (TTA) में शामिल किया गया है। इस वैश्विक पहल में Google, Microsoft, Amazon Web Services समेत 15 बड़ी टेक कंपनियां सदस्य बनी हैं। इस गठबंधन का उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 5G, क्लाउड और सेमीकंडक्टर तकनीकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद वैश्विक मानक तय करना है।

जर्मनी में आयोजित Munich Security Conference के दौरान इस अलायंस के गठन की घोषणा की गई। एशिया, यूरोप, अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका की प्रमुख कंपनियां इसमें शामिल हैं। संस्थापक सदस्यों में एंथ्रोपिक, कैसावा टेक्नोलॉजीज, कोहेयर, एरिक्सन, गूगल क्लाउड, हन्वा, जियो प्लेटफॉर्म्स, माइक्रोसॉफ्ट, नोकिया, एनस्केल, एनटीटी, रैपिडस, साब और एसएपी जैसी कंपनियां शामिल हैं।

अलायंस का कहना है कि इसका मुख्य लक्ष्य डिजिटल ढांचे में पारदर्शिता, डेटा सुरक्षा और मजबूत सप्लाई चेन सुनिश्चित करना है। इसके लिए पांच प्रमुख सिद्धांत तय किए गए हैं, जिनमें पारदर्शी संचालन, नियमित सुरक्षा मूल्यांकन, सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखला, सहयोगी तकनीकी ढांचा और कानून के अनुरूप डेटा संरक्षण शामिल है।

जियो प्लेटफॉर्म्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी किरण थॉमस ने कहा कि डिजिटल विकास को गति देने के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद तकनीक अनिवार्य है। उनके अनुसार यह पहल वैश्विक सहयोग को मजबूत करेगी और इंटरनेट कनेक्टिविटी, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर तथा एआई सिस्टम को अधिक विश्वसनीय बनाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल में भारत की भागीदारी से देश को वैश्विक डिजिटल मानकों के निर्माण में सक्रिय भूमिका मिलेगी। इससे भारत में एआई, 5G और क्लाउड सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वसनीयता मिल सकती है और भारतीय टेक उद्योग को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में बढ़त हासिल हो सकती है।

close