कटघोरा के कारोबारी ने सड़क को ही बना लिया गोदाम.. नगरपालिका मजलूम ठेले वालों पर दिखा रही अपनी पावर

कटघोरा: नगर में अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर सुर्खियों में है. आरोप है कि एक प्रभावशाली कारोबारी ने मुख्य सड़क पर ही टाइल्स और पत्थरों का बड़े पैमाने पर भंडारण कर उसे गोदाम का रूप दे दिया है. सड़क पर निर्माण सामग्री रखे जाने से मार्ग संकरा हो गया है और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना घट सकती है, क्योंकि बाजार क्षेत्र में पहले ही भीड़ और वाहनों का दबाव अधिक रहता है.
सत्तादल से जुड़े कारोबारी की मनमानी चरम पर
व्यापारियों और नागरिकों का आरोप है कि नगरपालिका प्रशासन अतिक्रमण के नाम पर छोटे ठेले और फुटपाथ कारोबारियों पर तो सख्ती दिखाता है, लेकिन बड़े कारोबारी पर कार्रवाई करने से बच रहा है. सोशल मीडिया पर भी कई दुकानदारों ने शिकायत दर्ज कराई है कि संबंधित कारोबारी कथित तौर पर सत्तादल से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण उस पर कार्रवाई नहीं हो रही. नगर में यह भी चर्चा है कि पार्किंग स्थलों तक पर दुकानों का सामान सजा दिया जाता है, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.
छोटे व्यापरियों पर नगरपालिका की सख्ती
त्योहारी सीजन के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है. बाजार लगने और बड़े वाहनों के प्रवेश से सड़क दुर्घटना का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कटघोरा में यातायात और अतिक्रमण की समस्या भगवान भरोसे छोड़ दी गई है. नगरपालिका और राजस्व प्रशासन पर “कुंभकर्णी नींद” में सोने का आरोप लगाया जा रहा है. छोटे व्यापारियों और आम नागरिकों में प्रशासन के रवैये को लेकर भारी नाराजगी है और वे निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि शहर की सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके.











