अमेठी: व्यापारी के अपहरण और फिरौती का खुलासा! दो बदमाश गिरफ्तार, तीन और फरार बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी में बीते मंगलवार को कबाड़ व्यवसाई के अपहरण और 8 लाख रुपए फिरौती लेकर छोड़ने के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया. घटना में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिनके पास से साढ़े चार लाख रुपए नगद और कई मोबाइल फोन,आधार कार्ड ,पैन कार्ड बरामद हुआ है.
आपको बता दें दोनों बदमाश बस्ती जिले के रहने वाले हैं. घटना में शामिल तीन बदमाश अभी फरार हैं जिनकी तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है.एसपी सरवणन टी ने खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है.
दरअसल ये पूरा मामला मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित धरौली मोड़ के पास का है जहां बीते मंगलवार को भी भीखीपुर गांव का रहने वाला कबाड़ व्यवसाई रमन अग्रहरी अपने दो बच्चों को स्कूल छोड़कर बोलेरो से घर जा रहा था. इसी बीच कार सवार अज्ञात बदमाशों ने उसका बोलेरो समेत अपहरण कर लिया देर रात तक कई किश्तों में 8 लाख रुपए वसूलने के बाद उसे छोड़ा.
पुलिस को देर रात मिली सूचना
कई दिनों तक पुलीस घटना को संदिग्ध मान रही थी लेकिन पांच दिन बाद पुलिस ने अज्ञात अपहरणकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया. देर रात पुलिस को सूचना मिली कि व्यापारी के अपहरण और फिरौती मामले में शामिल दो संदिग्ध एक गाड़ी में मौजूद है जिसके बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया.
अपहरणकर्ता अनुज प्रताप सिंह उर्फ मुरारी सिंह के पास से चार लाख 50 हजार रुपए नगद एक तमंचा एक जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन जबकि दूसरे अपहरणकर्ता घनश्याम पांडेय के पास से 5 हजार रुपए,आधार कार्ड,पैन कार्ड बरामद हुए. एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद हुई है. दोनों अपहरणकर्ता बस्ती जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
तीन बदमाश अभी भी फरार
घटना में शामिल तीन बदमाश अभी फरार है जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है. एसपी सरवरन टी पुलिस ऑफिस सभागार में पूरे मामले का खुलासा किया और खुलासा करने वाले टीम को 15 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है.











