देवास में फिल्मी अंदाज में अपहरण, सिनेमा हॉल से युवक-युवती को अगवा कर इंदौर तक की मारपीट

देवास में उज्जैन रोड स्थित एक सिनेमा हॉल से फिल्म देखकर बाहर निकले युवक और महिला का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। इंदौर से आए तीन आरोपितों ने दोनों को सिनेमा परिसर से ही जबरन पकड़ लिया और मारपीट करते हुए कार में बैठाकर इंदौर तक ले गए।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने आरोपितों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे दोनों को लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने रास्ते भर दोनों के साथ मारपीट की। बाद में महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपितों को इंदौर के एमआईजी थाने तक पहुंचा दिया और वहां पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद है। महिला के पूर्व पति और उसके साथियों ने इस वारदात की साजिश रची थी। आरोपित पहले से ही सिनेमा हॉल में मौजूद थे और मौका मिलते ही उन्होंने दोनों को पकड़ लिया।

अपहरण के दौरान आरोपितों ने युवक और महिला के साथ सिनेमा परिसर में भी मारपीट की, जिसका वीडियो सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। इंदौर ले जाते समय भी युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी आंख में भी चोट आई है।

महिला ने किसी तरह आरोपितों को भरोसे में लेकर थाने तक पहुंचाया, जहां पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने अपहरण, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com