सुपौज में चेतावनी के साथ कृष्णा कुमारी ने संभाला बीडीओ पद, जिलाधिकारी ने की थी कार्रवाई

सुपौल: समाहरणालय के जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की ओर से जारी आदेश के बाद सदर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद को लेकर प्रशासनिक स्थिति स्पष्ट कर दी गई है. जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर पूर्व में मांगे गए स्पष्टीकरण के बाद कृष्णा कुमारी को कड़ी चेतावनी देते हुए पुनः सदर प्रखंड के बीडीओ के रूप में कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया गया है.
समाहरणालय से जारी ज्ञापांक 360, दिनांक 12 मार्च के अनुसार जिलाधिकारी ने कृष्णा कुमारी को सुपौल सदर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में संपूर्ण प्रभार ग्रहण कर कार्यों के निष्पादन का निर्देश दिया है. इस आदेश के आलोक में शुक्रवार 13 मार्च को प्रखंड मुख्यालय में उन्होंने तत्कालीन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार रजक से विधिवत संपूर्ण प्रभार ग्रहण कर लिया. बताया गया कि जिला गोपनीय शाखा, सुपौल के ज्ञापांक 514-1/गो०, दिनांक 8 मार्च के तहत कृष्णा कुमारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था.
इसके जवाब में उन्होंने पत्रांक 682, दिनांक 9 मार्च के माध्यम से अपना स्पष्टीकरण समर्पित किया था. प्रस्तुत स्पष्टीकरण पर विचार करने के बाद प्रशासन ने उन्हें कड़ी चेतावनी के साथ स्पष्टीकरण से मुक्त करते हुए पुनः अपने पद का कार्यभार संभालने का निर्देश दिया है. जिलाधिकारी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में यदि वे बिना अनुमति के जिला मुख्यालय से अनुपस्थित रहती हैं अथवा अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतती हैं, तो उनके विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
आदेश में यह भी कहा गया है कि तत्काल प्रभाव से सुपौल सदर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर विकास एवं प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें.











